अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से ब्लॉक संसाधन केंद्र बभनी में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार का स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों एवं कार्यालय कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र नाथ चौधरी ने माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया, जिसके बाद ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन किया।
• समन्वय से बेहतर होगी शैक्षणिक गुणवत्ता : बीईओ
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष रविंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारियों के आपसी समन्वय से ब्लॉक की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना उनकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रमाशंकर, रणजीत कुमार, भरत लाल, राजेश कुमार, उमाशंकर, कमलेश कुमार, भानु प्रताप सिंह, शिव बाबू केसरवानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।