रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज में वर्षों से बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने 23.62 करोड़ रुपये की लागत से 4.46 किलोमीटर लंबे नाले के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना डीएमएफ फंड से संचालित होगी। जिलाधिकारी ने पूर्व में इमरती कॉलोनी, मिशन अस्पताल एवं पुसौली-बढ़ौली चौराहे सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को वैज्ञानिक आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विस्तृत सर्वे, भू-स्तर परीक्षण, हाइड्रोलॉजी अध्ययन, कंटूर मैप, सैटेलाइट सर्वे और पिछले 30 वर्षों के वर्षा आंकड़ों का विश्लेषण कर ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया।
• वैज्ञानिक अध्ययन के बाद कचहरी ड्रेन रूट को सबसे उपयुक्त माना गया
तकनीकी अध्ययन में तीन संभावित ड्रेनेज मार्गों का परीक्षण किया गया, जिनमें नीलकंठ रेस्टोरेंट से कचहरी ड्रेन रूट को सबसे व्यवहारिक और दीर्घकालिक समाधान माना गया। इस मार्ग से वर्षा जल प्राकृतिक ढाल के सहारे बिना पंपिंग के मुख्य सिंचाई नाले तक पहुंचेगा, जिससे नगर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। परियोजना में आरसीसी नालियों का निर्माण, कल्वर्ट, रेलवे एवं नहर क्रॉसिंग, साइफन, विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग तथा पेयजल पाइपलाइन स्थानांतरण जैसे कार्य भी शामिल हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि नगरवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।