SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जनपद के घोरावल थाना क्षेत्र के पेढ़ गांव के पास जुड़िया- पेढ़ मार्ग पर डीजे वाहन पलटने से सात कांवड़िए घायल हो गए। हादसा सोमवार को दिन में करीब 11 बजे हुआ। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर गुप्तकाशी के नाम से विख्यात शिवद्वार धाम में जलाभिषेक करने के बाद कांवड़िए वापस मिर्जापुर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि सावन की तीसरे सोमवार सभी कांवड़िए शिवद्वार में जलाभिषेक के बाद डीजे वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क की खराब हालत और गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन पर रखा जनरेटर भी नीचे गिर गया, जिससे कुछ कांवड़िए घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही घोरावल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। घायलों में अधिकांश मिर्जापुर जिले के मलई की बाली और चिंदलिक गहरवार गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया