रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
मारकुंडी(सोनभद्र)। सोनभद्र में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ गुरुवार को सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत मारकुंडी से किया गया। डीएम चर्चित गौड़ ने अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं ग्रामीणों के घरों तक पहुंचकर लोगों से संवाद किया और डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग व कुष्ठ रोग समेत अन्य संचारी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों की टीमें साफ-सफाई और बीमारी से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करेंगी। अभियान का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश चंद्र मिश्रा करेंगे।
• घर-घर दस्तक देकर लक्षणों की होगी पहचान, बुखार को लेकर बरतने को कहा गया सतर्कता
अभियान के तहत 12 से 31 अक्टूबर के बीच आशा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार सुविधाओं की जानकारी देंगी तथा लक्षण वाले लोगों की पहचान कर जांच और उपचार के लिए सूची तैयार करेंगी। ग्रामीणों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को मच्छरों से बचाने और कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार को हल्के में न लेने और बच्चों को बुखार होने पर बिना देरी सरकारी अस्पताल ले जाने की अपील की है। संचारी रोगों से संबंधित जानकारी के लिए 1800-180-5145 तथा गंभीर स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा की मदद लेने की जानकारी दी गई।