शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। रविवार की रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से ग्रामीण इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई पुल और पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गए। बभनी के डोडहर और डूमरचुआ को जोड़ने वाले मार्ग पर पुलिया बह जाने से ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक स्कूली बच्चों, प्लांट में काम करने वाले श्रमिकों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह खेतों में पानी और मलबा भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं रिहायशी इलाकों में पानी घुसने से घरेलू सामान और खाद्य सामग्री भी प्रभावित हुई है। तेज गरज-चमक के बीच कई घरों में कूलर, पंखे और फ्रिज समेत बिजली उपकरण खराब होने की भी बात सामने आई है।
ग्रामीण देव चरण पाल ने बताया कि डोडहर-डूमरचुआ क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए यह प्रमुख मार्ग है और पुलिया बह जाने से बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। राम भजन पाल, डोडहर प्रधान प्रतिनिधि, के अनुसार पानी का दबाव इतना अधिक था कि उनके घर की बाउंड्री तक टूट गई और कई घरों में पानी घुसने से सामान बह गया। वहीं स्थानीय निवासी रामचंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि मोखना में क्षतिग्रस्त पुल को लेकर ग्रामीणों ने पहले जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत की थी और पीडब्ल्यूडी विभाग को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया गया था और अब उसके बह जाने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और जल्द मरम्मत कराकर आवागमन बहाल करने की मांग की है।