शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। श्रावण मास में शिवद्वार मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर मार्ग की स्थिति और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
• CCTV और ड्रोन से निगरानी, पेयजल व मेडिकल सुविधा पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों का निरीक्षण किया तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। भीड़ को देखते हुए प्रभावी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर परिसर व आसपास साफ-सफाई, पेयजल और मेडिकल सुविधा की उपलब्धता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को दिए।