SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। लगातार बारिश के कारण जिले में सोन नदी समेत विभिन्न जलाशयों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में सोन नदी का जलस्तर बढ़कर 168.21 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 171 मीटर से महज 2.79 मीटर नीचे है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को नदी, नाले और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है, जबकि जिला प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
रिहंद बांध का जलस्तर बढ़कर 262.83 मीटर पहुंच गया है, जो अधिकतम जलस्तर 265.18 मीटर से करीब ढाई मीटर नीचे है। वहीं ओबरा बांध का जलस्तर 193.05 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम जलस्तर 193.24 मीटर है। धंधरौल बांध का जलस्तर 314.05 मीटर और नगवां बांध का जलस्तर 351.67 मीटर तक पहुंच चुका है। अगर आने वाले कुछ दिनों में वर्षा का क्रम ऐसा ही बना रहा तो रिहंद और ओबरा डैम के फाटक खुले हुए दिख सकते हैं।