रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। नेमना ग्राम पंचायत भवन पर मंगलवार 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कैंप आयोजित किया जाएगा। म्योरपुर एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि आसपास के गांवों के उपभोक्ता भी कैंप में पहुंचकर अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। कैंप में बिजली बिल सुधार, नए कनेक्शन, बकाया बिल जमा कराने, अधिक बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदन तथा अधिक लोड वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने सहित विभिन्न मामलों का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
• उपभोक्ता जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचे
विद्युत विभाग ने अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कर कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई से बचने की अपील की है। बिल में गड़बड़ी की शिकायत वाले उपभोक्ता मीटर रीडिंग का वीडियो और विद्युत बिल साथ लेकर आएं। वहीं नए कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को दूर-दराज स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाते हुए गांव में ही उनकी समस्याओं का समाधान कराना है।