घोरावल(सोनभद्र)। विकासखंड घोरावल में खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता, धैर्य, तार्किक क्षमता और रणनीतिक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर संवर्ग में संदीप कुमार गुप्ता (कंपोजिट विद्यालय कांशीराम) प्रथम, चंद्रमा (कंपोजिट विद्यालय सरवत) द्वितीय, अथर्व (उच्च प्राथमिक विद्यालय दुटेर) तृतीय, सपना (कंपोजिट विद्यालय शिवद्वार) चतुर्थ तथा त्रिभुवन (उच्च प्राथमिक विद्यालय जामगांव) पंचम स्थान पर रहे। वहीं प्राथमिक संवर्ग में शिवम कुमार (कंपोजिट विद्यालय कांशीराम) प्रथम, अंबुज (प्राथमिक विद्यालय सेमरिहवा) द्वितीय, शिव (कंपोजिट विद्यालय रघुनाथपुर) तृतीय, आकाश शर्मा (प्राथमिक विद्यालय गडमा) चतुर्थ तथा अंकुर (प्राथमिक विद्यालय सदारी) पंचम स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को प्राथमिक शिक्षक संघ घोरावल के ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार सन्यासी, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला महामंत्री इंदुप्रकाश सिंह की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक संघ के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शतरंज बच्चों में एकाग्रता, धैर्य, तार्किक क्षमता और सही निर्णय लेने का कौशल विकसित करता है।
आयोजन को सफल बनाने में अकादमिक टीम, रघुनाथपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक/जिला महामंत्री (RSM) इंदु प्रकाश सिंह, शशांक कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






