रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
करमा(सोनभद्र)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को करमा ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 5 से 8 तक के विभिन्न विद्यालयों के 37 प्रतिभाशाली बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन पहले विद्यालय स्तर पर किया गया, जिसके बाद प्रत्येक विद्यालय से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य एवं सेवा संकल्प अभियान के सोनभद्र जिले के नोडल डॉ. प्रसन्न पटेल उपस्थित रहे। विधायक ने बच्चों की चित्रकला का अवलोकन कर उनसे विषय से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया।
• टॉप-5 बच्चों का जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय बट की साक्षी चौहान ने प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय बैडाड़ के आकाश ने द्वितीय और कम्पोजिट विद्यालय सरौली के आर्यन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कम्पोजिट विद्यालय भटौलिया के अखिलेश कुमार चौथे तथा कम्पोजिट विद्यालय बघोर की नीतू पांचवें स्थान पर रहीं। विधायक एवं अतिथियों ने टॉप-10 बच्चों को पुरस्कृत कर उनके प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को अब जिलास्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जाएगा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष करमा अंकुर सिंह, राजेश कुमार मिश्र, सुरेंद्र मौर्य, रविभूषण सिंह, धीरेंद्र पति तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं प्रतिभागी बच्चे मौजूद रहे।
..