अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी कस्बे में शिव मंदिर से पुरानी बाजार एवं प्राथमिक विद्यालय द्वितीय तक करीब 18 वर्षों से बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे किसानों, स्कूली बच्चों, राहगीरों और एंबुलेंस के आवागमन में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिले के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया तथा समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।
• त्योहारों से पहले सड़क निर्माण की मांग, टूटी नहर की मरम्मत की भी गुहार
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नवरात्रि, दुर्गापूजा और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों से पहले सड़क निर्माण कार्य कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। इसके साथ ही बभनी की पुरानी बंधी की टूटी नहर की मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार नहर टूटने से पानी बर्बाद हो रहा है और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन देने वालों में मिथिलेश गुप्ता, रवि शंकर गुप्ता, अमित कुमार, सुरेंद्र गुप्ता सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।