SVG इण्डिया न्यूज रूम
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद 50 वर्षीय रुक्मणी की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे वाराणसी रेफर किया गया। वाराणसी के अस्पताल में इलाज शुरू करने के लिए 35 हजार रुपये मांगे गए और तत्काल रकम उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब चार घंटे तक इलाज शुरू नहीं हो सका। बाद में 20 हजार रुपये जमा करने के बाद उपचार शुरू किया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।