अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के सहगोड़ा गांव में रविवार की रात मुकुट पूजन के साथ रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि डॉ. व्यास चंद विश्वकर्मा ने मुकुट पूजन करने के बाद फीता काटकर रामलीला का उद्घाटन किया। रामलीला का मंचन ग्रामीण नवयुवक रामलीला मंडली असनहर के कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ और मुकुट पूजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रामलीला की शुरुआत नारद मोह की लीला से हुई, जिसमें कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। मंचन में दिखाया गया कि किस प्रकार देवर्षि नारद के अहंकार को दूर करने के लिए भगवान विष्णु ने लीला रची और नारद को वानर रूप प्रदान किया। कलाकारों ने इस प्रसंग का जीवंत चित्रण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
• धार्मिक आयोजन में जुटे ग्रामीण, कलाकारों के अभिनय की सराहना
रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार शुक्ला उर्फ भोले शुक्ला, व्यवस्थापक रामाशंकर तिवारी, रामेश्वर शर्मा, ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी, खरवार महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार खरवार, राजेश देवांगन, संतोष भारती, उदय गुप्ता सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।