SVG इण्डिया न्यूज रूम
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों और डेयरियों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देश पर 10 अक्टूबर 2026 को राबर्ट्सगंज बाजार स्थित आदर्श डेयरी, मधुवन डेयरी और गोकुल डेयरी से घी के एक-एक नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त चोपन के मेन रोड, प्रीत नगर स्थित हंस दूध भंडार एवं जनरल स्टोर से घी और पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान हंस दूध भंडार एवं जनरल स्टोर में पाई गई कमियों के सुधार के लिए नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई।
• साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरियों के संचालकों एवं कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान एप्रन, हैंड ग्लव्स और हेड कवर का इस्तेमाल करने, पेयजल की जांच कराने तथा पेस्ट कंट्रोल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कर्मचारियों के स्वास्थ्य फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करने और परिसर एवं बर्तनों की साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया गया। वहीं, 12 अक्टूबर 2026 को राबर्ट्सगंज के तेंदू स्थित तथागत इंटरप्राइजेज से साबूदाना का नमूना संग्रहित किया गया। विभाग के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।