रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंजानी के टोला कोलिनमाड़ में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 11 वर्षीय लवकुश यादव पुत्र शिवप्रसाद यादव की अजिर नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लवकुश रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद बालक का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एनटीपीसी धनवंतरी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया गया।
• परिवार का सबसे छोटा बेटा था लवकुश, हादसे से गांव में शोक
परिजनों के अनुसार, शिवप्रसाद यादव के दो बच्चे हैं, जिनमें लवकुश सबसे छोटा था। कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद परिजनों का दुख देखकर गांव में भी शोक का माहौल है। इस संबंध में बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बालक की मौत डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की जानकारी हो सकेगी।
.