SVG इण्डिया न्यूज रूम
जुगैल(सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र के देवघर झरिया टोला में विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत राहुल निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे से लटकता मिला। पति का शव देखते ही पत्नी के होश उड़ गए और उसने तत्काल परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, राहुल ड्यूटी से लौटने के बाद घर आकर सो गया था। सुबह उसका शव फंदे से लटकता देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिजन उसे फंदे से उतारकर चोपन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।