मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। रेलवे स्टेशन रोड स्थित कपुआं की माता चर्च में रविवार, 25 अक्टूबर को 19वें त्रिदिवसीय आध्यात्मिक सत्संग एवं शोभायात्रा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। फादर आनंद जॉन और फादर जोसेफ के संचालन तथा फादर टाइटस लाबो के नेतृत्व में आयोजित शोभायात्रा में लगभग 1200 तीर्थयात्रियों ने भाग लिया। दोपहर करीब दो बजे मां मरियम की प्रतिमा को सुसज्जित पालकी में रखकर शोभायात्रा निकाली गई, जो रेलवे स्टेशन रोड, कलकली बहरा, नगर क्षेत्र और बस स्टेशन सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः चर्च परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
• प्रार्थना सभा में सुख-शांति और समृद्धि की कामना
शोभायात्रा के बाद इलाहाबाद धर्मप्रांत के विशिष्ट अतिथि डॉ. लुईस मस्करेन्हस की उपस्थिति में प्रार्थना एवं पवित्र समारोह आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र और समाज की सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की। आयोजन में फादर वलेरियन डिसूजा, फादर रेमंड, फादर एडवर्ड लाबो, फादर संतोष, फादर जेबी, फादर मिलन, फादर विलियम और फादर प्रभात सहित कई धर्मगुरु व श्रद्धालु शामिल हुए। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, अधिवक्ता राहुल और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व पत्रकारों ने भी सहभागिता की। अंत में फादर टाइटस लाबो ने प्रशासन, पत्रकारों, शुभचिंतकों और तीर्थयात्रियों के प्रति आभार जताया।