मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में कनहर नदी के समीप पुरानी बैरियर के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एचएफ डीलक्स बाइक पर चार लोग सवार होकर दुद्धी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बरखोहरा निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र विजय कुमार भुइया की मौत हो गई, जबकि दीपक कुमार, अंजली देवी और मंजली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उपनिरीक्षक श्याम जी यादव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।