अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के चौना-बहेड़ाडोल में रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। धनखोर गांव से घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर नमामि गंगे विभाग द्वारा निर्मित पानी की टंकी से टकरा गई। हादसे में बहेराडोल निवासी प्रवीण खरवार (35) पुत्र सोना बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
• घर पहुंचने से पहले ही थम गई जिंदगी
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रवीण की मौत से परिवार में मातम पसरा है। उनकी दो बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।