वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। आगामी छठ महापर्व को लेकर सतत वाहिनी नदी स्थित छठ घाट की साफ-सफाई का अभियान शुरू हो गया है। सन क्लब सोसायटी के युवाओं ने पहल करते हुए घाट और नदी परिसर की सफाई की जिम्मेदारी उठाई है। क्लब अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया उर्फ विक्की और संयोजक देवेश चंद्र उर्फ डीसी मद्धेशिया के नेतृत्व में युवाओं ने श्रमदान कर सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। युवाओं की इस पहल से क्षेत्र में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
• श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प
युवाओं ने बताया कि छठ महापर्व आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे में व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए घाटों की सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय आम नागरिकों और युवाओं को भी आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सन क्लब सोसायटी की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।