वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल, स्थानीय व्यापारियों और ग्राम प्रधान के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निरीक्षक ने व्यापारियों से दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशमन यंत्र दुरुस्त रखने तथा दुकानों की गलियों में लगे प्लास्टिक के तिरपाल हटवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी व्यापारी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थानों पर करने, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में सहयोग करने के निर्देश भी दिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही गई।
• व्यापारियों ने उठाई बाजार की समस्याएं, पुलिस ने दिया समाधान का भरोसा
बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजार में पुलिस पिकेट स्थापित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग रखी। थाना निरीक्षक ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी, ग्राम प्रधान दिनेश प्रसाद यादव, सुजीत कुमार, समर गुप्ता, भोला प्रसाद यादव, बाबूलाल पासवान, इंद्रमणि कुशवाहा, गरीब पाल, लखन कुमार, रामचंद्र, ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, श्रीखंड चौबे, मनोज कुमार गुप्ता, विकास जायसवाल, पप्पू यादव, मुकेश गुप्ता, राम प्रसाद यादव, राकेश, संजय कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश यादव, अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।