SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
करमा(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में ‘हर हर महादेव डेकोरेशन’ के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखा शादी-विवाह समेत अन्य शुभ अवसरों पर सजावट में इस्तेमाल होने वाला लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। • पीड़ित ने नुकसान के आकलन की उठाई मांग
गोदाम संचालक गोविंद सिंह मौर्य के अनुसार आग से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन कराकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।