SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
घोरावल(सोनभद्र)। धान की कटाई कर रही एक महिला को खेत में सांप ने डस लिया। घटना धरमोली गांव की है, जहां मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे सुखवारी देवी (45) खेत में धान काट रही थीं। इसी दौरान खेत की मेड़ में छिपे सांप ने उन्हें काट लिया। सुखवारी देवी मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटहड़वा गांव की निवासी हैं और उनकी शादी धरमोली गांव में हुई है। सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से शाम करीब साढ़े पांच बजे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
• चिकित्सकों ने हालत खतरे से बाहर बताई, निगरानी जारी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कर रहे चिकित्सक देवेश पांडेय के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में चिंता का माहौल रहा।