रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को निपुण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डायट प्राचार्य ऋद्धि पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अकादमिक रिसोर्स पर्सन, स्टेट रिसोर्स ग्रुप, डायट प्रवक्ता एवं खंड शिक्षा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए निपुण लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। निपुण भारत मिशन के तहत विद्यालय स्तर पर संचालित प्रशिक्षण एवं शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभावी कक्षा शिक्षण के दस बिंदुओं को लागू करने, कैचअप शिक्षण के माध्यम से कमजोर बच्चों का अधिगम स्तर सुधारने तथा समय प्रगति पत्रक के मुद्रण एवं वितरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
• कमजोर विद्यालयों पर विशेष फोकस, बभनी को निपुण ब्लॉक बनाने का रोडमैप तैयार
बैठक में प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के बच्चों के निपुण आकलन में प्राप्त उपलब्धि प्रतिशत की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक प्रयासों पर जोर दिया गया। विकासखंड बभनी को निपुण ब्लॉक बनाने के लिए तैयार किए जा रहे रोडमैप पर मंथन किया गया। साथ ही सभी विकासखंडों में निपुण लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीति और अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली गई। विद्यालयों को सक्षम, मध्यम एवं संघर्षशील श्रेणियों में विभाजित कर कमजोर विद्यालयों में विशेष शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई गई। शिक्षक संकुल बैठकों, डीसीएफ प्रविष्टि तथा एआरपी, एसआरजी एवं डायट मेंटर्स के सहयोगात्मक पर्यवेक्षण की भी समीक्षा की गई। बैठक में विद्यालयों की नियमित निगरानी, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप काम करने पर बल दिया गया। इस दौरान वरिष्ठ प्रवक्ता सुभाष गुप्ता, नीरज शर्मा, शंकर सिंह, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।