सोनभद्र। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को अब ‘सोन अर्थ’ ब्रांड के नाम से नई पहचान मिलेगी। राबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर में आयोजित सरस मेले में गुरुवार शाम सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने ‘सोन अर्थ’ के लोगो का अनावरण किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के हुनर से तैयार स्थानीय उत्पादों को बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन के जरिए प्रदेश ही नहीं, देशभर के बाजारों तक पहुंचाना है। विधायक ने कहा कि यह ब्रांड महिलाओं के परिश्रम और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा तथा उनकी आमदनी बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ‘सोन अर्थ’ से महिलाओं के उत्पादों की पहचान और विश्वसनीयता बढ़ेगी। इसके माध्यम से उन्हें उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और बेहतर मूल्य दिलाने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
• ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनाने की पहल
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार से जोड़कर छोटे उद्यमों की संचालक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का नया अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में सीडीओ जागृति अवस्थी, एनआरएलएम उपायुक्त रवीन्द्र वीर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव







