बीजपुर(सोनभद्र)। क्षेत्र के बेड़िया हनुमान मंदिर, मुकुट मोटकी पहाड़ी और शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में सोमवार को अन्नकूट पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को विविध पकवानों से सुसज्जित छप्पन भोग अर्पित किया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तों ने भगवान की आराधना की।
• गोवर्धन पूजा की कथा सुनकर भक्तों ने की मंगलकामना
मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ल ने बताया कि दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व मनाने की परंपरा है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित कर देश और समाज के कल्याण की कामना की जाती है। उन्होंने गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा सुनाते हुए बताया कि इंद्र के अहंकार के कारण ब्रजवासियों पर मूसलाधार बारिश होने लगी थी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी की रक्षा की थी। सोमवार सुबह भजन-कीर्तन के बाद भगवान की आरती कुंज बिहारी की के साथ आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान यशवंत सिंह, प्रभुनारायण चौबे, संदीप उपाध्याय, रामकृत गुप्ता, अमरेश चंद, कन्हैया यादव, कन्हैया वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
रघुराज सिंह संवाददाता






