ओबरा(सोनभद्र)। राहगीरों को चंदा मांगने के बहाने रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को ओबरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 12 नवंबर को चकाड़ी पुल के पास तीन राहगीरों को बदमाशों ने चंदा मांगने के बहाने रोक लिया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर धमकी देते हुए मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई थी।
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-10 स्थित पुराने पीएसी मैदान के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू तिवारी, राजू यादव, आशीष जायसवाल, राहुल गुप्ता उर्फ चिन्नी रोटी और रोहित यादव उर्फ राका के रूप में हुई है।
• दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, राजू यादव पर पहले से दर्ज हैं आठ मुकदमे
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट के बचे हुए 3300 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल पैशन प्रो और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मोटरसाइकिलों के कागजात उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसके खिलाफ ओबरा थाने में पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है।
यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता







