लालगंज(मिर्जापुर)। ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर 12 नवंबर से चल रहा ड्राइवर महासंघ का तीन दिवसीय 'स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन' शनिवार को समाप्त हो गया। तीन दिनों तक चले शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के बावजूद सरकार की ओर से 14 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से संगठन के पदाधिकारियों में नाराजगी है।
महासंघ ने फिलहाल दो दिन का अवकाश लेते हुए चेतावनी दी है कि इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा।
• पुलिस की अनुमति पर सवाल, ड्राइवरों से एकजुट रहने की अपील
धरने के दौरान पुलिस और महासंघ के कार्यकर्ताओं के बीच अनुमति को लेकर सवाल-जवाब भी हुए। संगठन का कहना है कि शांतिपूर्ण धरने की सूचना पहले ही उपजिलाधिकारी को लिखित रूप में दी गई थी। पदाधिकारियों ने संविधान में दिए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का हवाला देते हुए प्रशासन से उचित स्थान पर धरने की अनुमति और स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की मांग की। इस दौरान 'ड्राइवर एकता जिंदाबाद' के नारे लगाए गए। महासंघ ने कहा कि देश की परिवहन व्यवस्था को गति देने वाले ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रहेगा। अब सभी की निगाहें शासन-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
मंजय वर्मा की रिपोर्ट







