जुगैल(सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े 29 वर्षीय मजदूर संतोष भारती पुत्र सागर को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि संतोष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का भरण-पोषण करने वाले संतोष की मौत से दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के हाईवा और बालू लदे भारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। हादसों के बाद चालक आसानी से फरार हो जाते हैं, लेकिन ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता







