अनपरा(सोनभद्र)। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर-20 स्थित डीह बाबा रोड पर जय मां शारदा ट्रेडर्स के स्क्रैप यार्ड में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अनपरा पुलिस, रेणुसागर चौकी पुलिस, हिंडाल्को रेणुसागर और अनपरा तापीय परियोजना की सीआईएसएफ फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया जा सका।
• पुलिस और दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा
अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे और रेणुसागर चौकी प्रभारी योगेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं अग्निशमन कार्य में सहयोग किया। इस अभियान में हिंडाल्को फायर ब्रिगेड टीम के अखिलेश्वर सिंह और उनके सहयोगियों की अहम भूमिका रही। दमकल टीमों के बेहतर तालमेल से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और स्क्रैप यार्ड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क







