चोपन(सोनभद्र)। मारकुंडी पुरानी घाटी में रविवार को डीजल लोड टैंकर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में टैंकर चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त टैंकर का नंबर UP64AT7245 बताया गया है। जानकारी के अनुसार टैंकर घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद करते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
• लगातार हादसों के बावजूद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
मारकुंडी घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि घाटी के खतरनाक मोड़ों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों की जान जोखिम में रहती है। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों का तत्काल निरीक्षण कर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अवधेश कुमार गुप्ता संवाददाता







