बीजपुर(सोनभद्र)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। न्याय पंचायत जरहा के दूदहिया मंदिर, बीजपुर बाजार, अजीरेश्वर धाम, डोडहर, लेक पार्क, शिव मंदिर, सिरसोती और सेवकाडांड़ सहित विभिन्न छठ घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण किया।
• भजन-कीर्तन के साथ मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
छठ पर्व के दौरान विभिन्न घाटों पर रातभर देवी जागरण, भजन-कीर्तन और भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। बीजपुर बाजार छठ घाट पर मन्नू तिवारी ग्रुप की ओर से भव्य भक्ति संध्या आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालु पूरी रात भक्तिरस में सराबोर रहे। वहीं, पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय पुलिस बल के साथ पूरी रात विभिन्न घाटों का भ्रमण करते रहे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ।
रघुराज सिंह संवाददाता







