रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। पेट्रोल पंप के ठीक बगल में संचालित रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्वर्ण जयंती चौक से मेन मार्केट रोड स्थित मुन्नीलाल पेट्रोल पंप के पास हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई। घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक इलाके में आग लगने से बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि रेस्टोरेंट कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
• पेट्रोल पंप के बगल में आग लगने से उठे सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद पेट्रोल पंप के ठीक बगल में संचालित रेस्टोरेंट और आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा मानकों की पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं? आग के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जरूरत है कि संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर आसपास के प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच कराएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना किसी बड़े हादसे का कारण न बने।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






