सोनभद्र। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 18 नवंबर 2026 को जनपद स्तरीय एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ग्राउंड परिसर, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की लगभग 50 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। प्रमुख रूप से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, फ्लिपकार्ट, उमोजा मार्केट प्लेस टेक्नोलॉजी और सीपेट वाराणसी सहित कई कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।
• लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से होगा चयन
रोजगार मेले में शामिल होने वाले इच्छुक एवं योग्य बेरोजगार अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षण अथवा साक्षात्कार संबंधित नियोजकों द्वारा आयोजन स्थल पर ही लिया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है और इसमें प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। अभ्यर्थियों को यात्रा व्यय भी देय नहीं होगा। यह मेला जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






