विंढमगंज(सोनभद्र)। भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान एवं सतत वाहिनी नदी तट स्थित छठ घाट पर चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। रविवार शाम हजारों व्रती महिलाओं ने सूर्य मंदिर के सामने संध्या आरती की, वहीं सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पर्व का समापन किया।
इस अवसर पर क्लब की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं टैलेंट शो का शुभारंभ पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, नरेंद्र सिंह गौड़, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्र के आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मां-बाप का सम्मान, प्रकृति संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिषासुर मर्दिनी, छठ पूजा की महिमा, छत्रपति संभाजी महाराज और पारिवारिक संस्कार जैसे विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
वीरेंद्र कुमार संवाददाता







