दुद्धी(सोनभद्र)। कार्तिक मास के पावन अवसर पर हरे कृष्णा प्रचार केंद्र दुद्धी की ओर से नगर में भव्य संकीर्तन यात्रा निकाली गई। प्रातः पांच बजे रामनगर वार्ड संख्या 10 से शुरू हुई संकीर्तन टोली ने ढोल-मजीरे के साथ हरे कृष्णा हरे राम महामंत्र का संकीर्तन करते हुए नगर की विभिन्न गलियों का भ्रमण किया। टोली में प्रमुख कुरुश्रेष्ठ दास, हरिप्रिया देवी दासी, ज्योति देवी, संतोष कुमार गुप्ता, अनिल कुमार कुशवाहा तथा रांची के वेदांत विद्या भवन गुरुकुल के शिक्षार्थियों ने भक्ति भजनों से वातावरण भक्तिमय कर दिया। चार घंटे नगर भ्रमण के बाद टोली जीवन राम चंद्रवंशी के आवास पर पहुंची।
• राधा-कृष्ण मंदिर में हुआ दीपदान और भंडारा
शाम चार बजे राजघराना क्लॉथ हाउस, दुद्धी-मल्देवा मार्ग स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हरिकथा, संकीर्तन, दीपदान और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में त्रिवेणी प्रसाद, चंदन कुमार गुप्ता सहित अन्य संयोजक उपस्थित रहे। भक्ति कार्यक्रम के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क







