रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 40 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेजा गया। पुलिस के अनुसार रामलीला मैदान, बढ़ौली चौराहा, अशोक नगर, बस स्टेशन, लोढ़ी, शीतला चौक, धर्मशाला, चंडी और सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक रूप से शराब पीकर हुड़दंग करने की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी।
• वाहन चेकिंग में पांच मोटरसाइकिलें भी सीज
अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान वाहन चेकिंग भी की गई। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पांच मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सहित थाना रॉबर्ट्सगंज की पुलिस टीम शामिल रही। सोनभद्र पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
सौरभ की रिपोर्ट







